निःशुल्क थैलेसीमिया एचएलए टाइपिंग शिविर के लिए पंजीकरण शुरू

आगरा।स्वास्थ्य सेवा प्रदाता लोकहितम चैरिटेबल ब्लड सेंटर, कमला नगर आगरा एवं बाल आयुष फाउंडेशन, बैंगलोर के संयुक्त तत्वावधान में आगामी फरवरी माह में निःशुल्क थैलेसीमिया एचएलए टाइपिंग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का मुख्य उद्देश्य बोन मैरो ट्रांसप्लांट (बीएमटी) को थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया एवं अन्य रक्त विकारों के प्रभावी और स्थायी उपचार के रूप में प्रोत्साहित करना है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए लोकहितम चैरिटेबल ब्लड सेंटर के महासचिव अखिलेश अग्रवाल ने बताया कि थैलेसीमिया एक वंशानुगत रक्त विकार है, जो रोगियों एवं उनके परिवारों के लिए अत्यंत चुनौतीपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि बोन मैरो ट्रांसप्लांट के माध्यम से अब इस गंभीर बीमारी के उपचार की एक नई और आशाजनक राह सामने आई है, जो न केवल रोगियों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार करती है, बल्कि एक संभावित स्थायी इलाज भी प्रदान करती है।

उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों, उनके भाई-बहनों एवं माता-पिता को बीएमटी प्रक्रिया, इसके महत्व एवं लाभों के प्रति जागरूक करना है। शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें उपचार के विभिन्न विकल्पों, बीएमटी की प्रक्रिया, इसकी सफलता दर तथा प्रत्यारोपण के बाद की देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की जाएंगी।

सभी इच्छुक व्यक्तियों से अपील की गई है कि वे इस महत्वपूर्ण शिविर में भाग लेकर अपने एवं अपने परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में कदम बढ़ाएं। एचएलए पंजीकरण के लिए इच्छुक व्यक्ति रोहित अग्रवाल (एडवोकेट) से मोबाइल नंबर 9997093267 पर संपर्क कर सकते हैं।