साबरमती लोको शेड द्वारा WAG AG 9HC इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव का पहला इंटरमीडिएट ओवरहॉल (IOH) सफलतापूर्वक संपन्न

पश्चिम रेलवे अहमदाबाद मण्डल के साबरमती लोको शेड ने अपनी उल्लेखनीय प्रगति को दर्शाते हुए उच्च क्षमता वाले इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव WAG AG-9HC का पहला इंटरमीडिएट ओवरहॉल (IOH) सफलतापूर्वक पूरा किया है। यह उपलब्धि लोको नं. 32322 पर हासिल की गई, जिसने शेड की तकनीकी दक्षता और समर्पण को और सशक्त रूप से स्थापित किया है।साबरमती शेड की स्थापना वर्ष 1978 में MG डीजल YDM4 लोकोमोटिव के रखरखाव हेतु की गई थी। वर्ष 2009 से शेड ने उच्च हॉर्स-पावर WDG4 डीजल लोकोमोटिव का रखरखाव प्रारंभ किया और निरंतर अपनी क्षमताओं का विस्तार करता रहा। मार्च 2023 में शेड को थ्री-फेज इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान कर्मचारियों ने वड़ोदरा, वटवा तथा वलसाड इलेक्ट्रिक शेड से प्रशिक्षण प्राप्त कर अल्प समय में आवश्यक कौशल अर्जित किया। तत्पश्चात, अप्रैल 2025 से शेड ने सबसे शक्तिशाली WAG12B लोकोमोटिव का रखरखाव शुरू किया।

केवल डेढ़ वर्ष के भीतर ही इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव रखरखाव का अनुभव प्राप्त करते हुए शेड ने IOH कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार सफलतापूर्वक संपन्न किया। उल्लेखनीय है कि IOH शेड्यूल हर छह वर्षों में किया जाता है, जिसमें लोकोमोटिव की सभी प्रणालियों का व्यापक निरीक्षण और ओवरहॉल शामिल होता है, ताकि अगले छह वर्षों तक निर्बाध एवं विश्वसनीय संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद वेद प्रकाश ने लोकोमोटिव को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उत्कृष्ट प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सभी को अपने कौशल में निरंतर वृद्धि कर भारतीय रेल की सेवाओं को विश्वस्तरीय स्तर तक पहुंचाने हेतु प्रेरित किया।

यह उपलब्धि न केवल साबरमती शेड की तकनीकी क्षमता का प्रमाण है, बल्कि भारतीय रेल की निरंतर प्रगति और यात्रियों व ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।