प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 'स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान' का देशभर में हुआ शुभारंभ, सीएचसी फतेहपुर सीकरी में हुआ आयोजन।

फतेहपुर सीकरी/साजिद उस्मानी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन (17 सितम्बर) के अवसर पर 'स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान' की शुरुआत की गई। यह अभियान 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, फतेहपुर सीकरी में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं और किशोरियों ने हिस्सा लिया।

अभियान का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्य शिविर में एनीमिया, टीबी और अन्य बीमारियों की जांच की गई। गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच (एंक चेकअप) के साथ बच्चों का टीकाकरण भी किया गया।

इसके अलावा महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता एवं पोषण के बारे में जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और अन्य स्वास्थ्य योजनाओं से संबंधित पंजीकरण भी मौके पर किया गया।

इस अवसर पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. राज कमल ने बताया कि अभियान के जरिए महिलाओं के स्वास्थ्य को मजबूत बनाकर परिवारों को सशक्त किया जा सकेगा।