सूरत-उदयपुर के बीच शुरू होगी वंदे भारत एक्सप्रेस, 3 अक्टूबर से नियमित संचालन

यात्रियों की सुविधा और रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए रेलवे द्वारा सूरत-उदयपुर सिटी-सूरत वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया जा रहा है। ट्रेन की उद्घाटन विशेष सेवा 2 अक्टूबर 2026 को चलेगी, जबकि नियमित सेवा 3 अक्टूबर से शुरू होगी। यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालित की जाएगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09103 सूरत-उदयपुर सिटी उद्घाटन विशेष ट्रेन 2 अक्टूबर को सूरत से सुबह 10 बजे रवाना होकर शाम 5:40 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। रास्ते में ट्रेन भरूच, वडोदरा, आणंद, मणिनगर, असारवा, हिम्मतनगर, शामलाजी रोड, डूंगरपुर और जावर स्टेशनों पर ठहरेगी। उद्घाटन विशेष ट्रेन में वंदे भारत के आठ डिब्बों का रैक होगा।

3 अक्टूबर से नियमित सेवा

उद्घाटन के बाद गाड़ी संख्या 26903 और 26904 के रूप में सूरत-उदयपुर सिटी-सूरत वंदे भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन किया जाएगा। गाड़ी संख्या 26904 उदयपुर सिटी-सूरत वंदे भारत एक्सप्रेस 3 अक्टूबर से मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन उदयपुर सिटी से दोपहर 3:35 बजे रवाना होकर रात 11 बजे सूरत पहुंचेगी।

वहीं, गाड़ी संख्या 26903 सूरत-उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस 4 अक्टूबर से मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन सूरत से सुबह 6:10 बजे रवाना होकर दोपहर 1:40 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव भरूच, वडोदरा, आणंद, मणिनगर, असारवा, हिम्मतनगर, शामलाजी रोड, डूंगरपुर और जावर स्टेशनों पर रहेगा। नियमित सेवा में भी आठ डिब्बों का रैक होगा।

उदयपुर-असारवा वंदे भारत सेवा बंद

नई सूरत-उदयपुर वंदे भारत सेवा शुरू होने के साथ ही गाड़ी संख्या 26963/26964 उदयपुर सिटी-असारवा-उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन 2 अक्टूबर 2026 से बंद कर दिया जाएगा।