अक्टूबर में यात्रियों को बड़ी राहत, 48 जोड़ी ट्रेनों में बढ़ेंगे 135 अतिरिक्त डिब्बे

अक्टूबर माह में बढ़ने वाले यात्री यातायात को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देने की तैयारी की है। रेलवे की ओर से 48 जोड़ी रेलसेवाओं में अस्थायी रूप से 135 अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे। इससे विभिन्न मार्गों पर यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध होंगी और त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, अतिरिक्त डिब्बों की सुविधा अलग-अलग रेलसेवाओं में निर्धारित अवधि के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। इनमें साधारण, द्वितीय शयनयान और तृतीय वातानुकूलित श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं।

जयपुर-जोधपुर रेलसेवा में एक प्रथम सह द्वितीय वातानुकूलित तथा एक तृतीय वातानुकूलित डिब्बा 1 से 31 अक्टूबर तक बढ़ाया जाएगा। अजमेर-अमृतसर रेलसेवाओं में द्वितीय शयनयान श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे। अजमेर-बान्द्रा टर्मिनस, जयपुर-उदयपुर सिटी, उदयपुर सिटी-असारवा, जोधपुर-इंदौर और इंदौर-भगत की कोठी सहित कई प्रमुख रेलसेवाओं में भी अतिरिक्त डिब्बों की सुविधा मिलेगी।

जोधपुर-वाराणसी सिटी की तीन रेलसेवाओं में तृतीय वातानुकूलित श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे। वहीं अजमेर-आगरा फोर्ट, जोधपुर-दादर, भगत की कोठी-दादर, जैसलमेर-साबरमती और साबरमती-जैसलमेर रेलसेवाओं में भी अतिरिक्त डिब्बों की व्यवस्था की गई है।

बीकानेर-बान्द्रा टर्मिनस, बीकानेर-साईनगर शिर्डी, श्रीगंगानगर-तिरुच्चिराप्पल्लि, भगत की कोठी-तिरुच्चिराप्पल्लि, श्रीगंगानगर-दिल्ली, दिल्ली-बठिंडा और बीकानेर-दिल्ली सराय जैसी लंबी दूरी की रेलसेवाओं में भी अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे।

इसके अलावा रेवाड़ी-मदार, रेवाड़ी-फुलेरा, रेवाड़ी-हिसार, रेवाड़ी-रींगस और फुलेरा-जयपुर रेलसेवाओं में पांच-पांच साधारण श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे। भिवानी-कालका, भिवानी-ढेहर का बालाजी, भिवानी-मथुरा और मथुरा-सवाईमाधोपुर रेलसेवाओं में भी अतिरिक्त साधारण श्रेणी के डिब्बों की सुविधा दी जाएगी।

रेलवे के इस निर्णय से अक्टूबर माह में यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध होंगी। विशेष रूप से त्योहारों और छुट्टियों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।