त्योहारों पर खड़की-सांगानेर के बीच चलेगी साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन

जयपुर। आगामी त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए खड़की-सांगानेर-खड़की के बीच साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। इस विशेष रेलसेवा का दोनों दिशाओं में कुल छह-छह फेरे संचालित किए जाएंगे।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 01411 खड़की-सांगानेर साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल 15 अक्टूबर से 19 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को खड़की से सुबह 9:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:45 बजे सांगानेर पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 01412 सांगानेर-खड़की साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल 16 अक्टूबर से 20 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को सांगानेर से सुबह 11:35 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 9:30 बजे खड़की पहुंचेगी।

यह विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में लोनावला, कल्याण, वसई रोड, पालघर, वापी, वलसाड, सूरत, अंकलेश्वर, वडोदरा, रतलाम, कोटा और सवाईमाधोपुर सहित 13 स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

विशेष रेलसेवा में एक द्वितीय श्रेणी वातानुकूलित, तीन तृतीय श्रेणी वातानुकूलित, छह शयनयान, चार साधारण श्रेणी, एक पावर कार और दो गार्ड डिब्बे होंगे। त्योहारों के दौरान इस ट्रेन के संचालन से खड़की, सांगानेर सहित मार्ग के विभिन्न स्टेशनों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।