एशियन गेम्स में उत्तर पश्चिम रेलवे के यशवीर सिंह ने जीता रजत पदक

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रतिभावान खिलाड़ी यशवीर सिंह ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित 20वें एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष जेवलिन थ्रो प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर देश और भारतीय रेलवे का नाम रोशन किया है। यशवीर सिंह ने 85.71 मीटर का शानदार थ्रो कर रजत पदक अपने नाम किया।

यशवीर सिंह के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं। उनकी उपलब्धि से भारतीय रेलवे के साथ-साथ उत्तर पश्चिम रेलवे का भी गौरव बढ़ा है।

यशवीर सिंह ने वर्ष 2026 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। इससे पहले उन्होंने ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में भी कांस्य पदक हासिल किया था। एक ही वर्ष में दो बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा, मेहनत और निरंतर बेहतर प्रदर्शन का परिचय दिया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे खेलकूद संघ ने यशवीर सिंह की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से रेलवे के अन्य खिलाड़ियों में भी नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा। यशवीर सिंह की मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन देश के साथ-साथ रेलवे के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे ने यशवीर सिंह को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।