राजकुमार वानखेड़े ने मध्य रेल के अपर महाप्रबंधक का संभाला कार्यभार

मुंबई। भारतीय रेल में 36 वर्षों से अधिक का समृद्ध अनुभव रखने वाले राजकुमार वानखेड़े ने मध्य रेल के अपर महाप्रबंधक का कार्यभार संभाल लिया है। इससे पहले वह उत्तर मध्य रेलवे में अपर महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत थे।

राजकुमार वानखेड़े भारतीय रेल अभियांत्रिकी सेवा (आईआरएसई) के 1990 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, औरंगाबाद से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक तथा आईआईटी मुंबई से एमटेक की उपाधि प्राप्त की है।

अपने 36 वर्षों से अधिक के सेवाकाल में उन्होंने भारतीय रेल, निर्माण संगठनों, राइट्स और मेट्रो क्षेत्र में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। पश्चिम रेलवे के रतलाम और वडोदरा मंडल, दक्षिण मध्य रेलवे के नांदेड़ मंडल सहित कई रेल मंडलों और निर्माण संगठनों में उन्होंने सेवाएं दी हैं।

पश्चिम रेलवे के निर्माण संगठन में रहते हुए उन्होंने इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एवं कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) अनुबंधों और परामर्श अनुबंधों को शुरू करने तथा संस्थागत रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में नई रेल लाइन, दोहरीकरण एवं मल्टीट्रैकिंग परियोजनाओं के तहत सुरंगों और महत्वपूर्ण पुलों के निर्माण में भी उनका योगदान रहा है।

नागपुर मेट्रो में परियोजना प्रमुख के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने शहरी परिवहन और मेट्रो निर्माण से जुड़ी जटिल परियोजनाओं का अनुभव प्राप्त किया।

मध्य रेल के अपर महाप्रबंधक के रूप में उनकी नियुक्ति से रेलवे के बुनियादी ढांचे के विकास, कार्यक्षमता बढ़ाने और परियोजनाओं को गति देने में उनके लंबे अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद है।