कुंभ मेले से पहले मध्य रेलवे की बड़ी तैयारी, बांगंगा पुल पर 2 साल से लगी गति सीमा हटाई

कुंभ मेले से पहले मध्य रेलवे की बड़ी तैयारी, बांगंगा पुल पर 2 साल से लगी गति सीमा हटाई

अब 75 की जगह 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें

मुंबई। नासिक-त्र्यंबकेश्वर में आयोजित होने वाले आगामी कुंभ मेले को देखते हुए मध्य रेलवे ने रेल परिचालन को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। भुसावल मंडल के इगतपुरी-मनमाड रेलखंड पर कसबे सुकेने यार्ड स्थित बांगंगा पुल (पुल संख्या 212/1) के पास रेलवे ट्रैक की तकनीकी खामियों को दूर कर दिया गया है। इसके बाद पिछले 2 वर्षों से लागू 75 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा को हटाकर सामान्य गति सीमा 130 किलोमीटर प्रति घंटे कर दिया गया है।

रेलवे के अनुसार यह सुधार कार्य 16 नवंबर 2026 को पूरा किया गया। इसके तहत पुल के भुसावल छोर की ओर लगभग 43 मीटर लंबे हिस्से में ट्रैक के घुमाव को सीधा किया गया। साथ ही पॉइंट संख्या 101बी को डाउन लाइन की ओर करीब 330 मिलीमीटर खिसकाकर सीधी दिशा में व्यवस्थित किया गया। इसके अलावा क्रॉसओवर संख्या 102ए/बी को हटाकर ट्रैक की स्थिति में आवश्यक बदलाव किए गए। इसके बाद लगभग 350 मिलीमीटर तक ट्रैक को डाउन लाइन की ओर खिसकाकर पूरी संरचना का संरेखण सुधारा गया।

इस तकनीकी सुधार से बांगंगा पुल और उसके आसपास रेल पटरियों का संरेखण बेहतर हुआ है। इससे ट्रेनों का आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकेगा। लंबे समय से लागू गति प्रतिबंध हटने से रेलखंड की क्षमता बढ़ेगी और ट्रेनों के समयपालन में भी सुधार होगा।

आगामी कुंभ मेले के दौरान नासिक जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इगतपुरी-मनमाड रेलखंड श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। ऐसे में गति सीमा हटने से अतिरिक्त विशेष ट्रेनों के संचालन और बढ़ी हुई यात्री भीड़ को संभालने में रेलवे को मदद मिलेगी।

मध्य रेलवे का कहना है कि रेल पटरियों के तकनीकी सुधार और गति प्रतिबंधों को व्यवस्थित तरीके से हटाने का कार्य लगातार किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को तेज, सुरक्षित और बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।