मुंबई, पुणे से गोरखपुर, दानापुर और रक्सौल के लिए विशेष ट्रेनों का विस्तार, यात्रियों को मिलेगी राहत 

मुंबई। त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे ने कई विशेष ट्रेनों की सेवाओं का विस्तार करने का निर्णय लिया है। इसके तहत मुंबई, पुणे और हडपसर से गोरखपुर, दानापुर और रक्सौल के बीच चलने वाली विशेष ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएंगे। रेलवे के इस फैसले से उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

रेलवे के अनुसार लोकमान्य तिलक टर्मिनस से दानापुर जाने वाली ट्रेन संख्या 01029 अब 20 नवंबर को एक अतिरिक्त फेरा लगाएगी, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 01030 दानापुर से 22 नवंबर को चलेगी। इसी तरह एलटीटी-गोरखपुर विशेष ट्रेन संख्या 01041 का अतिरिक्त फेरा 19 नवंबर और गोरखपुर-एलटीटी ट्रेन संख्या 01042 का 21 नवंबर को संचालित होगा।

एलटीटी-रक्सौल विशेष ट्रेन संख्या 01021 का अतिरिक्त फेरा 21 नवंबर और रक्सौल-एलटीटी ट्रेन संख्या 01022 का 24 नवंबर को चलेगा। वहीं हडपसर-गोरखपुर विशेष ट्रेन संख्या 01457 का अतिरिक्त फेरा 20 नवंबर तथा गोरखपुर-हडपसर ट्रेन संख्या 01458 का 22 नवंबर को संचालित किया जाएगा।

इसके अलावा छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी)-गोरखपुर विशेष ट्रेन संख्या 01079 और गोरखपुर-सीएसएमटी ट्रेन संख्या 01080 की सेवाओं में 4-4 अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं। ट्रेन संख्या 01079 का संचालन 17 से 20 नवंबर तक और वापसी में ट्रेन संख्या 01080 का संचालन 19 से 22 नवंबर तक होगा।

पुणे-दानापुर विशेष ट्रेन संख्या 01447 की 5 अतिरिक्त सेवाएं 18 से 22 नवंबर तक तथा दानापुर-हडपसर विशेष ट्रेन संख्या 01448 की 5 अतिरिक्त सेवाएं 20 से 24 नवंबर तक संचालित की जाएंगी।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इन विशेष ट्रेनों के मौजूदा मार्ग, समय, ठहराव, कोच संरचना और किराये में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ट्रेन संख्या 01079 की बुकिंग शुरू हो चुकी है। ट्रेन संख्या 01447 की बुकिंग 17 नवंबर से तथा ट्रेन संख्या 01029, 01041, 01021 और 01457 की बुकिंग 18 नवंबर से रेलवे आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। अनारक्षित टिकट यूटीएस प्रणाली और रेलवन ऐप के माध्यम से भी बुक किए जा सकेंगे।

1 जनवरी 2027 से बदलेगा ट्रेन का संचालन

मध्य रेलवे ने सीएसएमटी-होस्पेट-सीएसएमटी मार्ग पर चलने वाली ट्रेन संख्या 11139/11140 को लेकर भी बदलाव किया है। 1 जनवरी 2027 से इन ट्रेनों का संचालन सुपरफास्ट मेल/एक्सप्रेस के बजाय सामान्य मेल/एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में किया जाएगा। हालांकि दोनों ट्रेनों के नंबर पहले की तरह ही रहेंगे।