केंद्रीय रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने अहमदाबाद रेलवे स्टेशन और निर्माणाधीन बुलेट ट्रेन स्टेशन का किया निरीक्षण

अहमदाबाद। केंद्रीय रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों और निर्माणाधीन बुलेट ट्रेन स्टेशन का निरीक्षण कर परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, निर्धारित समय-सीमा और आगामी कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अहमदाबाद वेद प्रकाश, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) प्रदीप गुप्ता, रेल भूमि विकास प्राधिकरण के सीपीएम संजीव कुमार तथा नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के परियोजना प्रबंधक राजेश अग्रवाल सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर विकसित की जा रही आधुनिक यात्री सुविधाओं, विशाल यात्री कॉनकोर्स, एलिवेटेड रोड, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एकीकृत मल्टी-मॉडल परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे रेलवे, मेट्रो और हाई-स्पीड रेल सेवाओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हो सकेगा।

इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशन का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों और आधुनिक तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

करीब 38,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित हो रहा बुलेट ट्रेन स्टेशन मौजूदा अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 10, 11 और 12 के ऊपर बनाया जा रहा है। स्टेशन पर 2 प्लेटफॉर्म होंगे। इसकी वास्तुकला अहमदाबाद की सांस्कृतिक पहचान से प्रेरित है। छत को पतंगों की आकृति और बाहरी डिजाइन को प्रसिद्ध सिद्दी सैयद की जाली से प्रेरित किया गया है। यहां यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, विश्राम कक्ष, दुकानें, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

निरीक्षण के दौरान दोनों स्टेशनों के बीच बेहतर संपर्क और यात्रियों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने पर भी विशेष चर्चा हुई। केंद्रीय राज्य मंत्री ने अधिकारियों के साथ दोनों परियोजनाओं के बीच समन्वय और भविष्य में यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा की।

इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से अहमदाबाद को आधुनिक रेल परिवहन की नई पहचान मिलेगी। साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं, सुगम आवागमन और हाई-स्पीड रेल सेवा का लाभ मिलेगा। यह पहल देश में आधुनिक रेल अवसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।