अहमदाबाद मंडल में 15 दिसंबर को लगेगी पेंशन अदालत, 17 नवंबर तक करें आवेदन

अहमदाबाद मंडल में 15 दिसंबर को लगेगी पेंशन अदालत, 17 नवंबर तक करें आवेदन

रेलवे पेंशनरों की शिकायतों का होगा निस्तारण

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और पारिवारिक पेंशनरों की पेंशन संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए 15 दिसंबर 2026, मंगलवार को पेंशन अदालत आयोजित की जाएगी। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर यह आयोजन मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, अहमदाबाद में किया जाएगा।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सिद्धार्थ के अनुसार अहमदाबाद मंडल से सेवानिवृत्त कर्मचारी, पेंशनर और पारिवारिक पेंशनर अपनी पेंशन संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आवेदन 17 नवंबर 2026 तक मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय (स्थापना), अहमदाबाद मंडल, पश्चिम रेलवे, जीसीएस अस्पताल के सामने, अमदुपुरा, अहमदाबाद के पते पर भेजना होगा।

आवेदन तीन प्रतियों में जमा करना अनिवार्य है। इसमें आवेदक का नाम, पदनाम, अंतिम वेतन, भर्ती की तारीख, सेवानिवृत्ति की तारीख, पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) की प्रति और शिकायत का पूरा विवरण दर्ज करना होगा। इसके अलावा पेंशनर ई-मेल के माध्यम से भी अपना आवेदन भेज सकते हैं। इसके लिए रेलवे ने pensionadalat2020adi@gmail.com ई-मेल पता जारी किया है।

रेलवे की इस पहल से सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके परिवारों को पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए एक मंच उपलब्ध होगा।