विरासत और आधुनिक सुविधाओं का संगम बना वडनगर रेलवे स्टेशन, अंबाजी तक रेल पहुंचाने का काम तेज

विरासत और आधुनिक सुविधाओं का संगम बना वडनगर रेलवे स्टेशन, अंबाजी तक रेल पहुंचाने का काम तेज

वडनगर से अंबाजी तक रेल कनेक्टिविटी का विस्तार

अहमदाबाद। गुजरात का ऐतिहासिक शहर वडनगर अब अपनी सांस्कृतिक विरासत के साथ आधुनिक रेल सुविधाओं के लिए भी पहचान बना रहा है। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल की ओर से वडनगर रेलवे स्टेशन को यात्री सुविधाओं से सुसज्जित करने के साथ क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसका लाभ पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिल रहा है।

30 अक्टूबर से 8 नवंबर 2026 तक आयोजित स्वदेशी मेला-2026 के दौरान करीब 6,000 यात्रियों ने वडनगर रेलवे स्टेशन से रेल यात्रा की। यात्रियों की इस आवाजाही से मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों, हस्तशिल्प, हथकरघा और ग्रामीण महिला उद्यमियों के उत्पादों को भी बढ़ावा मिला।

महेसाणा?वरेठा रेलखंड के अंतर्गत विकसित वडनगर स्टेशन को वर्ष 2021 में 55 किलोमीटर लंबे रेलखंड के आमान परिवर्तन और विद्युतीकरण के बाद बेहतर कनेक्टिविटी मिली। इस परियोजना पर कुल 367.80 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इस रेलखंड पर 10 स्टेशन हैं। वडनगर को महेसाणा के रास्ते अहमदाबाद?दिल्ली रेल नेटवर्क से जोड़ा गया है। वर्तमान में यहां से वरेठा?गांधीनगर कैपिटल मेमू, वडनगर?वलसाड सुपरफास्ट एक्सप्रेस और वडनगर?बांद्रा टर्मिनस लोकशक्ति एक्सप्रेस सहित तीन जोड़ी ट्रेनों का संचालन हो रहा है।

स्टेशन की वास्तुकला को वडनगर की ऐतिहासिक पहचान के अनुरूप तैयार किया गया है। यहां पत्थरों पर आकर्षक नक्काशी के साथ यात्रियों के लिए 425 मीटर लंबे दो प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट, प्रतीक्षालय, कैफे, शौचालय और पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। दिव्यांग यात्रियों के लिए भी रैंप और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। वडनगर?मोढेरा?पाटन हेरिटेज सर्किट से रेल कनेक्टिविटी जुड़ने के कारण पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

वहीं, तारंगाहिल?अंबाजी?आबू रोड नई रेल लाइन परियोजना से उत्तर गुजरात की कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलने जा रही है। करीब 117 किलोमीटर लंबी इस परियोजना को वर्ष 2022-23 में लगभग 3,000 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत से मंजूरी दी गई थी। इसकी संशोधित लागत करीब 3,050 करोड़ रुपये है। परियोजना के पूरा होने से अंबाजी शक्तिपीठ, तारंगाहिल के जैन तीर्थस्थल, माउंट आबू और दिलवाड़ा जैन मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी।

परियोजना के तहत 15 स्टेशन बनाए जाने हैं, जिनमें 8 क्रॉसिंग स्टेशन और 7 हॉल्ट स्टेशन शामिल हैं। पहाड़ी क्षेत्र से गुजरने वाली इस रेल लाइन पर 11 सुरंगों, 54 बड़े पुलों, 151 छोटे पुलों, 8 रोड ओवर ब्रिज और 54 रोड अंडर ब्रिज अथवा सीमित ऊंचाई वाले पुलों का निर्माण प्रस्तावित है। भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है और निर्माण कार्यों के लिए ठेके भी आवंटित किए जा चुके हैं। रेलवे के अनुसार परियोजना के विभिन्न निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

इस रेल कनेक्टिविटी के विस्तार से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ स्थानीय व्यापारियों, किसानों और उद्यमियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। बेहतर रेल सुविधा से हस्तशिल्प, कृषि उत्पादों और लघु उद्योगों को नए बाजार मिल सकेंगे। वडनगर स्टेशन जहां विरासत और आधुनिक सुविधाओं का संगम बन रहा है, वहीं अंबाजी तक प्रस्तावित रेल विस्तार क्षेत्र के पर्यटन, रोजगार और आर्थिक विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।