भारतीय संविधान के गरिमामय 75 वर्ष पूर्ण होने पर एमएम कॉलेज के विद्यार्थियों ने निकाली संविधान रैली

फतेहाबाद (सुनील कुमार)

भारतीय संविधान के गरिमामय 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनोहर मैमोरियल कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा संविधान रैली का आयोजन किया गया। जिला उपायुक्त के निर्देशानुसार ?हमारा संविधान, हमारा सम्मान : डॉ. अम्बेडकर की विरासत? विषय पर कॉलेज में आयोजित हो रही विभिन्न गतिविधियों की कड़ी में इस रैली का आयोजन किया गया। रैली को वाइस प्रिंसीपल डॉ. मीनाक्षी कोहली ने रवाना किया। रैली में कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रैली के माध्यम से लोगों को भारतीय संविधान की महत्ता के बारे में बताया गया। डॉ. रामगोपाल के नेतृत्व में निकाली गई रैली का संचालन प्रो. गुरप्रीत सिंह व प्रो. मनप्रीत ने किया। इस अवसर पर प्रो. प्रतिभा मखीजा, डॉ. तृप्ता मेहता, कैप्टन रजनी वर्मा, प्रो. सुरेद्रपाल सिद्धू, डॉ. रामगोपाल काजल, प्रो. प्रीत कौर, प्रो. राजदीप कौर, प्रो. तारिका नारंग, प्रो. भव्या मुखी, प्रो. ममता स्वामी, डॉ. अनिल शर्मा, एसएस मल्होत्रा, अनु जिंदल, नरेन्द्र सरदाना, सावन, शालू सहित अनेक स्टाफ सदस्यों ने भी भाग लिया। इसके अलावा डॉ. सीमा शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने संविधान और देशभक्ति पर आधारित गीतों की भी प्रस्तुति दी। बता दें कि यह अभियान 12 अप्रैल से शुरू हुआ था जिसका आज समापन हुआ। इस दौरान भारतीय संविधान को लेकर विभिन्न तरह की गतिविधियों का आयोजन किया गया।

रैली को रवाना करते हुए डॉ. मीनाक्षी कोहली ने भारतीय संविधान की विशेषताओं, अब तक संविधान में हुए महत्वपूर्ण संशोधनों व संविधान में दिए गए अधिकारों व कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान भारत को एक लोकतांत्रिक देश घोषित करता है, जहां आम जनता सर्वोच्च शक्ति है। यह सभी नागरिकों को धर्म, जाति, लिंग और क्षेत्र के आधार पर समान अधिकार प्रदान करता है। भारत को धर्मनिरपेक्ष देश घोषित करता है, जहां हर व्यक्ति को अपने धर्म का पालन करने की स्वतंत्रता है। ये भारत को संघात्मक ढांचे में ढालता है। उन्होंने कहा कि कोई भी देश बिना संविधान के नहीं चल सकता। देश का शासन और सरकार कैसे चलेगी, सरकार के विभिन्न अंगों की रुपरेखा कैसी होगी, किस पद पर नियुक्ति कैसे होगी और उसके क्या कार्य होंगे, देश के नागरिकों के अधिकार और कर्तव्य क्या होंगे और इनकी रक्षा कैसे होगी, कानून क्या होगा, एक देश को बचाने के लिए यह सभी बातें संविधान में ही निहित है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान की पालना करने और दूसरों को भी इसमें दिए गए अधिकारों और कर्तव्यों बारे जानकारी देने की बात कही।