प्राचीन रेशम देवी मंदिर में चोरी की वारदात, चोरों ने घंटा समेत दानपात्र से नगदी को किया पार, मंदिर में बने कमरे में ही रूके थे पुताई करने वाले कारीगर

हरदोई। हरपालपुर इलाके में स्थित प्राचीन सती मन्दिर का ताला व इंटर लाक तोड़कर चोरी की वारदात हुई है। जिसमें अज्ञात चोरों ने बीती रात नकदी सहित घण्टे चोरी कर लिए। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पुजारी ने मंदिर पर पहुंचकर देखा तो वह सन्न रह गए। सूचना मिलते ही एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने पुलिस बल के साथ मामले में जांच की है।
बताते चलें कि हरपालपुर थाना क्षेत्र के इकनौरा गांव में वर्ष 1932 में रेशम देवी सती हुई थी, जहां उनका भव्य मंदिर स्थित है।बीती रात अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर के अंदर घुसकर ताला व इंटरलॉक तोड़ दिया। इसके बाद चोरों ने मन्दिर में रखा दान पात्र व घण्टे चोरी कर लिए तथा मौके से फरार हो गए। रविवार की सुबह जब पुजारी को घटना की जानकारी हुई तो वह सन्न रह गए। मन्दिर के पुजारी रामकृपाल मिश्र ने बताया कि मंदिर पर रंगाई पुताई का काम चल रहा है। शाम को वह अपने घर चले गए थे तथा पुताई करने वाले कारीगर मन्दिर पर बने कमरे में थे। रात के समय अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर में घुसकर मन्दिर का ताला व इंटरलॉक तोड़ दिया। इस दौरान चोरों ने दान पात्र में रखे चांदी के 11 रुपयों सहित लगभग 60 हजार की नकदी व दो कुंतल के घंटे चोरी कर लिए है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि सती रेशम देवी मंदिर में चोरी की वारदात हुई है। जिसमें अज्ञात चोरों ने घंटे और दानपात्र से नगदी चोरी की है। उन्होंने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का जायजा लिया है। जल्द ही सत्यता के आधार पर घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।