देश की सुरक्षा करते हुए शहीद हुआ बहराइच का लाल, जम्मू में एलओसी पर फायरिंग में सेना के जवान की हुई मौत -

बहराइच - रिसिया विकास खंड क्षेत्र के सिखनपुरवा गांव निवासी भारतीय सीमा के जवान की एलओसी पर सीमा की सुरक्षा करते समय आतंकियों की फायरिंग में मौत हो गई। इसकी सूचना घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। पंजाब से दिल्ली शव लाया गया है। शनिवार को सेना के अधिकारी शव लेकर गांव पहुंचेंगे।
जिले के रिसिया विकास खंड क्षेत्र के सिखनपुरवा गांव निवासी सर्वजीत सिंह (25) पुत्र सुरेंद्र सिंह भारतीय सेना में जवान के पद पर तैनात था। पंजाब राज्य के 14वीं बटालियन में उसकी तैनाती थी। इस समय जम्मू में राजौरी बार्डर पर जवान की तैनाती सीमा सुरक्षा के लिए थी। परिवार के मुताबिक गुरुवार को भारत पाकिस्तान सीमा पर सेना का जवान पेट्रोलिंग कर रहा था। तभी आतंकियों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग में सेना के जवान की मौत हो गई। सेना के अधिकारियों ने सूचना घर पर दी तो परिवार में कोहराम मच गया। माता पिता के साथ भाइयों का रो रो कर बुरा हाल है। सेना के जवान की मौत की सूचना पाकर क्षेत्र के लोग काफी संख्या में शोक जताने के लिए पहुंच रहे हैं। मृतक जवान के भाई ने बताया कि पंजाब से शव दिल्ली लाया जा रहा है। शनिवार को शव गांव पहुंच जाएगा। जहां सैनिक सम्मान के साथ गांव में आखिरी विदाई दी जाएगी।
2018 में हुई थी तैनाती
रिसिया विकास खंड के सिखनपुरवा गांव निवासी सेना के जवान सर्वजीत सेना में वर्ष 2018 में 23 मार्च को ज्वाइनिंग ली थी। तब से जम्मू कश्मीर के अलावा पंजाब में देश की सेवा की है।