वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं आजाद हिंद फौज के सेनानी मुनऊ पासवान का निधन क्षेत्र में शोक। 

बहराइच, 24 फरवरी। आजाद हिंद फौज के सेनानी तथा जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुनऊ पासवान (86 वर्ष) का आज तड़के उनके निजी निवास ग्राम पंचायत मछियाही, चिलवरिया में निधन हो गया। उनके देहावसान की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।सूचना पाकर कांग्रेस नेता विनय सिंह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और पार्थिव शरीर पर तिरंगा ओढ़ाकर सामूहिक सलामी दी। ?अंतिम जयहिंद? के उद्घोष के साथ उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान शोकाकुल परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया गया तथा दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।मुनऊ पासवान आजाद हिंद फौज के सेनानी होने के साथ कांग्रेस के संक्रमण काल में सक्रिय रहे। बताया जाता है कि वे पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ बनारस जेल में सहयात्री भी रहे थे। कांग्रेस संगठन में उन्होंने ब्लॉक अध्यक्ष, जिला सचिव और जिला उपाध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। वे पार्टी के आजीवन सदस्य, अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते थे।उनके निधन पर डॉ. गिरिजा दत्त झा, जगतराम चौहान, राम नरेश यादव, राजू मुस्तफा, राम बहादुर सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख भगौती कैराती, राजेंद्र सिंह, इंद्र कुमार यादव, अवधराम पासवान, रवींद्र स्वरूप, मालती पासवान, देवेंद्र मिश्रा सहित अनेक लोगों ने विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।