चकिया- क्षेत्र में इन जगहों पर अवैध रूप से हो रहा है पत्थर का खनन

*चकिया क्षेत्र में इन जगहों पर अवैध रूप से हो रहा है पत्थर का खनन*

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चकिया- शासन के लाख कवायद के बाद भी क्षेत्र में लगातार अवैध खनन जारी है। अवैध खनन कर इलिया चकिया, शहाबगंज समेत अन्य जगहों पर पत्थरों की सप्लाई की जा रही है। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिससे अवैध खननकर्ताओं के मनोबल बढ़े है।

लोगों ने आरोप लगाया कि खनन माफियाओं को प्रशासन का डर नहीं है। खुलेआम पत्थरों का खनन व ढुलाई किया जा रहा है। नए-नए तौर तरीकों से पत्थर की ढुलाई की जा रही है। कभी खुली ट्राली तो कभी ट्राली पर पत्थर को तिरपाल से ढककर ढुलाई कर रहे हैं। वहीं नक्सल प्रभावित होने के कारण गरीब जनता के सामने जीविकोपार्जन के लिए कुछ ना कुछ काम धंधे चाहिए ही। इसका फायदा उठाते हुए पैसों का लालच देकर मजदूरों से मजदूरी करवाते हैं और अवैध पत्थर खनन का कारोबार करके माफिया मालामाल हो रहे हैं। चकिया क्षेत्र में पत्थर खनन माफियाओं का एक बड़ा साम्राज्य स्थापित हो गया है। जिससे वन संपदा को खतरा पैदा हो गया है। क्षेत्र में अवैध कटान के साथ साथ अवैध खनन का कारोबार जारी है। चकिया क्षेत्र के चनुवरा पहाड़, चकरा पहाड़, मानगढ़ ढोलकिया पहाड़,गनेशपुर पहाडी़,भुड़कुड़िया पहाड़ व गोलिया पहाड़ से अवैध पत्थर खनन करने का कारोबार तेजी से चल रहा है। प्रकृति को हरा भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिये सरकार पौधरोपण के अलावा जंगलों की सुरक्षा एवं उनके संरक्षण पर प्रति वर्ष करोड़ो रूपये पानी की तरह बहा रही है। पर कुछ लोग अपने लाभ के खातिर जंगल के अस्तित्व की चिंता न करते हुए अवैध खनन करने पर आमादा हैं। इस समय क्षेत्र में प्रतिदिन दर्जनों ट्रैक्टरों द्वारा अवैध बोल्डर (पत्थर) रात में निकल रही है।क्षेत्र के लोगों ने बताया कि अवैध बोल्डर (पत्थर) निकालने की शिकायत पर अधिकारियों से करने पर वह एक दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं। तो वही विभाग के कर्मचारी सुरक्षा का हवाला देकर कार्यवाही से बचते हैं।