चकिया: वनांचल के बेटे ने रचा इतिहास, यूपीएससी में 726वीं रैंक,शिक्षक पिता और पार्लर चलाने वाली मां के लाल ने बढ़ाया नगर का मान

चकिया नगर का पहला युवा बना सिविल सेवा अधिकारी, क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल,कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर पहले ही प्रयास में पाई बड़ी सफलता

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चकिया: नगर के होनहार मेधावी छात्र मृत्युंजय गुप्ता ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2026 में 726वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। उनकी इस उपलब्धि से चकिया सहित पूरे जिले और पूर्वांचल में खुशी और गर्व का माहौल है। खास बात यह है कि मृत्युंजय चकिया नगर के पहले ऐसे युवा बने हैं जिन्होंने यूपीएससी में सफलता हासिल कर वनांचल क्षेत्र का मान बढ़ाया है।

मृत्युंजय गुप्ता शिक्षक परिवार से आते हैं। उनके पिता शैलेश गुप्ता बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक हैं और वर्तमान में मुजफ्फरपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में कार्यरत हैं। वहीं उनकी मां रेखा गुप्ता चकिया में ब्यूटी पार्लर चलाती हैं।सीमित संसाधनों के बावजूद माता-पिता ने बेटे की पढ़ाई में कभी कमी नहीं आने दी।परिवार की तीसरी पीढ़ी ने अब देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवा में स्थान बनाकर नई मिसाल कायम की है।

*बचपन से ही मेधावी रहे मृत्युंजय*
मृत्युंजय बचपन से ही पढ़ाई में बेहद तेज रहे हैं। अपनी मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने देश की कठिन इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस्ड पास की और आईआईटी दिल्ली से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की पढ़ाई पूरी की। इंजीनियरिंग के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य तय किया और समाज व देश के लिए काम करने की ठान ली।

*पहले ही प्रयास में हासिल की सफलता*
दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर मेहनत के दम पर मृत्युंजय ने पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा 2026 में सफलता हासिल कर ली।उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि बेसिक शिक्षा विभाग और पूरा क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है।मृत्युंजय की सफलता पर उनकी मां रेखा गुप्ता ने कहा कि बेटा बचपन से ही पढ़ाई को लेकर गंभीर था और हमेशा अनुशासन के साथ मेहनत करता रहा।परिवार को विश्वास था कि वह जीवन में कुछ बड़ा जरूर करेगा। यह सफलता उसके परिश्रम और भगवान के आशीर्वाद का परिणाम है।

*पूरे क्षेत्र में खुशी, लोगों ने दी बधाई*
मृत्युंजय की सफलता पर नगर पंचायत चकिया के चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव, मनोज गुप्ता, सभासद ज्योति गुप्ता, बादल सोनकर, उमाशंकर गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशु गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, राजन गुप्ता, पत्रकार प्रशांत कुमार, कमलेश गुप्ता, रमेश गुप्ता, जय प्रकाश गुप्ता, सुदर्शन गुप्ता और पत्रकार कार्तिकेय पाण्डेय सहित कई लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।