चंदौली- साइबर सेल की मदद से जालसाजों द्वारा निकाली गई धनराशि हुई वापस

साइबर सेल की मदद से जालसाजों द्वारा निकाली गई धनराशि हुई वापस

संवाददाता कार्तिकेय पांडेय

चंदौली - साइबर जालसाजों की नजर लोगों की मेहनत की कमाई पर है। जालसाज बैंक खाते से मेहनत की कमाई उड़ा दे रहे हैं। ऐसा ही एक मामला मंगलवार को जिले में भी सामने आया। पीडीडीयू नगर के न्यू सेंट्रल कालोनी निवासी निहाल कुमार ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर खाते से 19,998 रुपये निकाले जाने की शिकायत की। एसपी अमित कुमार ने इसे गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल के कर्मियों को कार्रवाई का निर्देश दिया था। पुलिस ने पहल करते हुए धनराशि वापस करा दी। इससे भुक्तभोगी ने राहत की सांस ली।

निहाल ने बताया कि सुबह खाते से 19998 रुपये आनलाइन ट्रांसफर कर रहे थे। कमजोर नेटवर्क की वजह से आनलाइन भुगतान अटक गया। इसके बाद उन्होंने कस्टमर केयर नंबर पर फोन मिलाया। जालसाजों ने काल से बीच से ही हैक कर लिया। वहीं भुक्तभोगी से सारी डिटेल पता कर ली। इसके बाद उनका मोबाइल रिमोट पर लेकर आनलाइन बैंकिग से संबंधित सारी जानकारी पता कर ली। इसके बाद खाते से दो बार में पैसा निकाल लिया। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद भुक्तभोगी से होश उड़ गए। वे भागे-भागे पुलिस लाइन पहुंचे और एसपी से मिलकर शिकायत की। कप्तान के निर्देश पर साइबर सेल की टीम सक्रिय हुई। पुलिसकर्मियों ने धनराशि ट्रांसफर कर जिस वायलेट में रखी गई थी, उसे फ्रीज करा दिया। इसके बाद पैसा वापस भुक्तभोगी के खाते में मंगाया। प्रभारी निरीक्षक अतुल नारायण सिंह ने बताया कि भुक्तभोगी ने तत्परता दिखाई। इससे पैसा वापस हो गया। यदि जालसाज वायलेट से पैसा निकालकर अपने खाते में ट्रांसफर कर लेते तो मिलना मुश्किल था। इस तरह के मामलों में तत्काल पुलिस को सूचना दें तो पैसा वापस होने की गुंजाइश अधिक रहती है।