ब्यावर, सोजत रोड और मारवाड़ जंक्शन पहुंचे मंडल रेल प्रबंधक, विकास कार्यों और संरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

ब्यावर, सोजत रोड और मारवाड़ जंक्शन पहुंचे मंडल रेल प्रबंधक, विकास कार्यों और संरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों का निरीक्षण, गुड्स शेड की व्यवस्थाएं परखी; कर्मचारियों से किया संरक्षा संवाद

अजमेर। रेल संचालन, यात्री सुविधाओं और संरक्षा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अजमेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने अजमेर मारवाड़ जंक्शन जोधपुर रेलखंड का विशेष निरीक्षण दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ब्यावर, सोजत रोड और मारवाड़ जंक्शन स्टेशनों पर विभिन्न व्यवस्थाओं और विकास कार्यों का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंडल रेल प्रबंधक ने अजमेर से रवाना होकर सबसे पहले ब्यावर स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों से कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक सोजत रोड रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने गुड्स शेड का निरीक्षण किया। इस दौरान माल लदान एवं अनलोडिंग की सुविधाओं के साथ परिचालन व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। उन्होंने सोजत रोड स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की और शेष कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

मारवाड़ जंक्शन में हुआ संरक्षा संवाद

मारवाड़ जंक्शन पर रेल संचालन को और अधिक सुरक्षित एवं सुचारू बनाने के उद्देश्य से रेल अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ?संरक्षा संवाद? आयोजित किया गया। इसमें संरक्षा, सुरक्षा और तकनीकी कार्यों से जुड़े जमीनी स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों से परिचालन सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने कहा कि रेलवे में सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने कर्मचारियों को किसी भी प्रकार का शॉर्टकट नहीं अपनाने और तकनीकी या मानवीय चूक से बचने के लिए पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने की हिदायत दी।

संवाद के दौरान कर्मचारियों ने फील्ड में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों से भी मंडल रेल प्रबंधक को अवगत कराया। इन समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक ने मारवाड़ जंक्शन स्टेशन स्थित रनिंग रूम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।

रानीखेत एक्सप्रेस में किया ऑन-बोर्ड निरीक्षण

निरीक्षण दौरे के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने मारवाड़ जंक्शन से जोधपुर के बीच गाड़ी संख्या 15014 रानीखेत एक्सप्रेस में ऑन-बोर्ड निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेन में यात्रियों को उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं की पड़ताल की।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक भारती भारद्वाज, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी बी.एल. मीना, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर प्रदीप कुमार, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर विजेंदर कुमार, स्वाति जैन, बी.एस. मीना, वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर रामअवतार मीना, मंडल इंजीनियर अंशुल भारती सहित अन्य रेल अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।