नानकसर स्टेशन पर चार ट्रेनों का अस्थाई ठहराव बाबा नन्द सिंह जी गुरुद्वारा साहिब की बरसी समागम के चलते 25 से 29 अगस्त तक यात्रियों को मिलेगी सुविधा

नानकसर स्टेशन पर चार ट्रेनों का अस्थाई ठहराव

बाबा नन्द सिंह जी गुरुद्वारा साहिब की बरसी समागम के चलते 25 से 29 अगस्त तक यात्रियों को मिलेगी सुविधा

अजमेर। श्री बाबा नन्द सिंह जी गुरुद्वारा साहिब नानकसर की बरसी समागम के आयोजन को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए नानकसर स्टेशन पर चार रेलसेवाओं का अस्थाई ठहराव देने का निर्णय लिया है। यह ठहराव 25 अगस्त से 29 अगस्त 2026 तक रहेगा। इससे बरसी समागम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को रेल यात्रा में सुविधा मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 19611 अजमेर-अमृतसर रेलसेवा 28 अगस्त को नानकसर स्टेशन पर सुबह 9:43 बजे पहुंचेगी और 9:45 बजे रवाना होगी। वहीं गाड़ी संख्या 19612 अमृतसर-अजमेर रेलसेवा 25 और 27 अगस्त को नानकसर स्टेशन पर शाम 4:40 बजे पहुंचेगी और 4:42 बजे प्रस्थान करेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 14720 अमृतसर-बीकानेर रेलसेवा 28 अगस्त को नानकसर स्टेशन पर सुबह 11:10 बजे पहुंचेगी और 11:12 बजे रवाना होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 14719 बीकानेर-अमृतसर रेलसेवा 28 अगस्त को नानकसर स्टेशन पर रात 2:40 बजे पहुंचेगी और 2:42 बजे प्रस्थान करेगी।

रेलवे के इस निर्णय से नानकसर में आयोजित बरसी समागम में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के समय और ठहराव की जानकारी अवश्य जांच लें।