अजमेर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक रेलसेवा का दौराई तक विस्तार, 30 अगस्त से बदलेगा संचालन

अजमेर। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अजमेर-बांद्रा टर्मिनस-अजमेर साप्ताहिक रेलसेवा का दौराई तक विस्तार करने का निर्णय लिया है। इस बदलाव के बाद यात्रियों को दौराई स्टेशन से सीधे बांद्रा टर्मिनस की साप्ताहिक रेलसेवा का लाभ मिल सकेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 19625 अब 30 अगस्त 2026 से अजमेर के बजाय दौराई से बांद्रा टर्मिनस के लिए संचालित होगी। यह रेलसेवा प्रत्येक रविवार को दौराई से सुबह 6:05 बजे रवाना होगी और अजमेर स्टेशन पर 6:15 बजे पहुंचेगी तथा 6:25 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद निर्धारित समय पर बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।

इसी तरह वापसी में गाड़ी संख्या 19626 को भी दौराई तक विस्तारित किया गया है। यह रेलसेवा 31 अगस्त 2026 से बांद्रा टर्मिनस से दौराई के बीच संचालित होगी। ट्रेन प्रत्येक सोमवार को बांद्रा टर्मिनस से अपने निर्धारित समय सुबह 8:35 बजे रवाना होगी। अजमेर स्टेशन पर सुबह 9 बजे पहुंचेगी और 9:10 बजे रवाना होकर सुबह 9:40 बजे दौराई स्टेशन पहुंचेगी।

रेलवे के इस निर्णय से दौराई और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बांद्रा टर्मिनस के लिए सीधी साप्ताहिक रेल सुविधा मिलेगी। इससे यात्रियों की आवाजाही और यात्रा सुविधा में भी सुधार होगा।