अजमेर स्टेशन पर 22 खान-पान ट्रॉलियों का सघन निरीक्षण, ओवरचार्जिंग और एक्सपायरी खाद्य सामग्री पर सख्त चेतावनी

अजमेर। यात्रियों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित दरों पर खान-पान सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अजमेर रेलवे स्टेशन पर खान-पान ट्रॉलियों का सघन निरीक्षण किया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने स्टेशन पर संचालित 22 खान-पान ट्रॉलियों की जांच की और संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ट्रॉली संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की अनधिकृत अथवा एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं की जाए। यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने यानी ओवरचार्जिंग करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने कहा कि यात्रियों को स्वच्छ, शुद्ध और उच्च गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री निर्धारित दरों पर ही उपलब्ध कराई जानी चाहिए। ट्रॉलियों पर सभी आवश्यक और वैध दस्तावेज हर समय उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए।

इसके साथ ही ट्रॉलियों की निर्धारित वहन क्षमता से अधिक सामान नहीं रखने और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। क्षतिग्रस्त ट्रॉलियों की मरम्मत और आवश्यकता के अनुसार नई ट्रॉलियों के निर्माण को लेकर लाइसेंसधारकों से चर्चा कर आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान सहायक वाणिज्य प्रबंधक राजकुमार उधवानी, स्टेशन प्रबंधक रविश कुमार, स्टेशन वाणिज्य निरीक्षक सरोज कुमार सहित अन्य रेल कर्मचारी मौजूद रहे।

15 दिवसीय विशेष जांच अभियान जारी

अजमेर मंडल में खान-पान स्टॉल और ट्रॉलियों की निगरानी के लिए 15 दिवसीय विशेष जांच अभियान भी चलाया जा रहा है। यह अभियान 20 अगस्त से 3 सितंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और अधिकृत खान-पान सेवाएं उपलब्ध कराना तथा अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाना है।

रेल प्रशासन ने खान-पान संचालकों को नियमों का पूरी तरह पालन करने और यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।