अजमेर मंडल रेल अस्पताल ने रचा इतिहास, भारतीय रेलवे में सर्वाधिक सर्जरी का बनाया रिकॉर्ड

अजमेर। अजमेर मंडल रेल अस्पताल ने चिकित्सा और शल्य चिकित्सा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय रेलवे के सभी मंडल अस्पतालों में सर्वाधिक सर्जरी करने का रिकॉर्ड बनाया है। पिछले माह अस्पताल में कुल 373 सर्जरी की गईं, जिनमें 116 बड़ी, 3 विशेष बड़ी और 180 छोटी सर्जरी शामिल हैं।

वर्ष 1890 में स्थापित अजमेर मंडल रेल अस्पताल वर्तमान में 166 बिस्तरों वाला बहु-विशेषता अस्पताल है। यहां अजमेर मंडल के 1.20 लाख से अधिक रेल लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अस्पताल की बाह्य रोगी विभाग में प्रतिदिन औसतन 1,000 से 1,500 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं।

अस्पताल में हड्डी रोग, सामान्य सर्जरी, मूत्र रोग, नेत्र रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग सहित विभिन्न विभागों में अत्याधुनिक उपचार और शल्य चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। घुटना और कूल्हा प्रत्यारोपण, आधुनिक दूरबीन विधि से सर्जरी, रीढ़ की हड्डी की सर्जरी, पित्ताशय, हर्निया और अपेंडिक्स की सर्जरी के साथ पथरी के लेजर उपचार जैसी सुविधाएं भी मरीजों को मिल रही हैं।

अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा तकनीकों और उपकरणों के माध्यम से मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही ऑर्थोपेडिक्स और सामान्य सर्जरी में स्नातकोत्तर डीएनबी प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल की इस उपलब्धि से अजमेर मंडल के रेल कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके परिजनों को उच्च स्तरीय उपचार के लिए दूसरे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। अजमेर में ही बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने से रेल लाभार्थियों को बड़ी राहत मिली है।

अस्पताल की इस उपलब्धि को उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा, प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. लक्ष्मी मीणा, मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पी. आर. ठाकुर के मार्गदर्शन में चिकित्सा टीम की बड़ी सफलता माना जा रहा है।