अजमेर मंडल में खानपान स्टालों और ट्रॉलियों की होगी सघन जांच, 15 दिवसीय विशेष अभियान शुरू

अजमेर। रेल यात्रियों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और अधिकृत खानपान सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में 15 दिवसीय विशेष जांच अभियान शुरू किया गया है। रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के तहत यह अभियान 20 अगस्त से 3 सितंबर 2026 तक चलेगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव के अनुसार अभियान के लिए खानपान निरीक्षकों और सहायक वाणिज्य प्रबंधकों की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। इन टीमों द्वारा रेलवे स्टेशनों पर संचालित खानपान स्टालों और ट्रॉलियों का नियमित एवं सघन निरीक्षण किया जाएगा।

स्वच्छता और गुणवत्ता पर विशेष जोर

अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि स्टालों और ट्रॉलियों पर केवल रेलवे द्वारा स्वीकृत एवं अधिकृत पानी की बोतलें तथा पैकेज्ड खाद्य सामग्री ही बेची जाए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और व्यक्तिगत साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री की समय-सीमा, निर्धारित दरों और बिल व्यवस्था की भी जांच होगी। यात्रियों से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने अथवा समय-सीमा समाप्त खाद्य सामग्री बेचने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा मानकों की भी होगी जांच

रेलवे द्वारा स्टालों की विद्युत फिटिंग और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जाएगी। स्टाल और ट्रॉलियों के आसपास कार्टन अथवा अतिरिक्त सामान रखकर किए गए अनधिकृत कब्जे को तत्काल हटाया जाएगा।

सभी विक्रेताओं के पास वैध एवं अद्यतन क्यूआर कोड आधारित पहचान पत्र होना अनिवार्य किया गया है। साथ ही वैध अनुबंध, ग्राहकों को उपलब्ध कराने के लिए बिल बुक, लाइसेंस फीस और संबंधित भुगतान भी अद्यतन होना जरूरी होगा।

अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई

अभियान के दौरान विक्रेताओं की निर्धारित एवं साफ-सुथरी वर्दी तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का भी निरीक्षण किया जाएगा। जांच में सामने आने वाली कमियों और की गई कार्रवाई की रीयल-टाइम ऑनलाइन निगरानी की व्यवस्था की गई है।

रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस विशेष अभियान से यात्रियों को स्टेशनों पर स्वच्छ, सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित दरों पर खानपान सुविधा उपलब्ध कराने में और मजबूती मिलने की उम्मीद है।