भारत गौरव ट्रेन से होगा दक्षिण भारत का भव्य दर्शन, 21 अक्टूबर से शुरू होगी 12 दिवसीय यात्रा

जयपुर। दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों के दर्शन की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। भारतीय रेलवे के उपक्रम इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) की ओर से श्रद्धालुओं की मांग को देखते हुए भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से दक्षिण भारत दर्शन यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक चलेगी।

भारत गौरव ट्रेन 21 अक्टूबर को सीकर जंक्शन से रवाना होगी और जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा तथा चित्तौड़गढ़ से यात्रियों को लेकर दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए रवाना होगी। 12 दिवसीय इस यात्रा में यात्रियों को तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम के रामनाथ स्वामी मंदिर, मदुरै के मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन का अवसर मिलेगा।

तीन श्रेणियों में उपलब्ध होगा यात्रा पैकेज

आईआरसीटीसी जयपुर के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश सैनी के अनुसार यात्रियों की सुविधा और बजट को ध्यान में रखते हुए यात्रा पैकेज को तीन श्रेणियों में रखा गया है।

इकॉनमी श्रेणी का पैकेज 24,100 रुपये, स्टैंडर्ड श्रेणी का 37,810 रुपये और कंफर्ट श्रेणी का पैकेज 50,290 रुपये निर्धारित किया गया है। श्रेणी के अनुसार ट्रेन यात्रा, होटल आवास और बस परिवहन की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

भारत गौरव ट्रेन में आधुनिक किचन-कार, जैव शौचालय सहित विभिन्न यात्री सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। यात्रियों को पुष्ट बर्थ, होटल आवास, नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन, स्थानीय परिवहन तथा मंदिर दर्शन की सुविधा पैकेज में दी जाएगी।

तिरुपति से शुरू होगा धार्मिक दर्शन का सिलसिला

यात्रा के दौरान 23 अक्टूबर को ट्रेन रेणीगुंटा पहुंचेगी। इसके बाद 24 अक्टूबर को यात्रियों को तिरुपति बालाजी के दर्शन कराए जाएंगे। 25 अक्टूबर को ट्रेन रेणीगुंटा से रामेश्वरम के लिए रवाना होगी और 26 अक्टूबर को रामेश्वरम पहुंचने के बाद रामनाथ स्वामी मंदिर के दर्शन एवं रात्रि विश्राम की व्यवस्था रहेगी।

27 अक्टूबर को रामेश्वरम से मदुरै के लिए यात्रा होगी, जहां शाम को मीनाक्षी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद ट्रेन कन्याकुमारी के लिए रवाना होगी। 28 अक्टूबर को कन्याकुमारी पहुंचकर यात्रियों को स्थानीय भ्रमण कराया जाएगा।

इसके बाद यात्रा मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग की ओर बढ़ेगी। 30 अक्टूबर को मरकापुर स्टेशन पहुंचने के बाद यात्रियों को मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। दर्शन के बाद ट्रेन वापसी यात्रा शुरू करेगी और जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा तथा चित्तौड़गढ़ होते हुए 1 नवंबर को सीकर जंक्शन पहुंचकर यात्रा पूरी होगी।

एलटीसी का भी मिल सकता है लाभ

पैकेज में बीमा की सुविधा भी शामिल है। पात्र सरकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र के कर्मचारी भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार एलटीसी सुविधा का लाभ भी उठा सकते हैं।

यात्रा की विस्तृत जानकारी और बुकिंग के लिए यात्री आईआरसीटीसी के अधिकृत माध्यमों का उपयोग कर सकते हैं। जानकारी के लिए 8595930998 और 8595924336 पर संपर्क किया जा सकता है। बुकिंग आईआरसीटीसी पर्यटन की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। इसके अलावा जयपुर स्थित आईआरसीटीसी क्षेत्रीय कार्यालय से भी बुकिंग कराई जा सकती है।