अजमेर मंडल में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार को पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। ए.डी.एस.ए. खेल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सावधान की मुद्रा में तिरंगे को नमन किया।

समारोह के दौरान मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने रेलवे सुरक्षा बल तथा स्काउट एवं गाइड की परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद स्वतंत्रता दिवस संदेश प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने सभी रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और देश की एकता, अखंडता तथा प्रगति के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समारोह में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना का संचार हुआ।

समारोह के दौरान मंडल रेल प्रबंधक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया। इसके साथ ही वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे अजमेर मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा रिंकल भूतड़ा, अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे।

अजमेर मंडल के अजमेर, आबूरोड, मारवाड़, उदयपुर, भीलवाड़ा सहित विभिन्न स्टेशनों पर भी स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। पूरे मंडल में तिरंगे की शान और राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिला।