रेल यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का पाठ पढ़ाया, जीआरपी ने चलाया जागरूकता अभियान

कासगंज। रेलवे स्टेशन कासगंज पर गुरुवार को जीआरपी पुलिस ने यात्रियों को सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया। थानाध्यक्ष कोमल कुंतल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म, टिकट घर, वेटिंग रूम और सर्कुलेटिंग एरिया में पैदल मार्च कर यात्रियों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

अभियान के दौरान पुलिस ने यात्रियों को रेल पटरियों पर किसी भी प्रकार की वस्तु रखे जाने, पत्थरबाजी अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल जीआरपी पुलिस या रेल प्रशासन को सूचना देने के लिए प्रेरित किया। पुलिसकर्मियों ने जहरखुरानी और पत्थरबाजी जैसी घटनाओं से बचाव के लिए यात्रियों को सतर्क रहने की अपील भी की।

जीआरपी टीम ने मुख्यालय से प्राप्त जागरूकता संबंधी पंपलेट और बैनर यात्रियों को वितरित किए। साथ ही स्टेशन परिसर और ट्रेनों में पंपलेट व बैनर चस्पा कर यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान किसी अपरिचित व्यक्ति से खान-पान की वस्तुएं न लें और कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें।

अभियान पुलिस महानिदेशक रेलवे लखनऊ के मार्गदर्शन, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक रेलवे आगरा के पर्यवेक्षण में चलाया गया।