13 साल से फरार वारंटी को जीआरपी कासगंज ने हाथरस से किया गिरफ्तार

कासगंज। चलती ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने के मामले में वर्ष 2013 से फरार चल रहे वारंटी अभियुक्त शाकिर खां को जीआरपी कासगंज पुलिस ने हाथरस से गिरफ्तार किया है। न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद भी अभियुक्त करीब 13 वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से बचता रहा और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।

पुलिस महानिदेशक रेलवे लखनऊ के आदेश, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग आगरा के निर्देशन में चलती ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर आपराधिक घटनाओं की रोकथाम और वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक रेलवे सर्किल आगरा के निर्देशन में थानाध्यक्ष जीआरपी कासगंज कोमल कुन्तल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

जीआरपी कासगंज पुलिस ने सर्विलांस और यक्ष एप की मदद से अभियुक्त की तलाश शुरू की। संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाने के साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की गई। लगातार की गई पतारसी और सुरागरसी के बाद पुलिस टीम ने 20 अगस्त को सुबह नौ बजे नाई का नगला बस स्टैंड के पीछे मिल/गलीचा फैक्ट्री के पास, थाना कोतवाली हाथरस से शाकिर खां को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त वर्ष 2013 से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय द्वारा कई बार वारंट जारी किए गए। गैर-जमानती वारंट के साथ धारा 82 की उद्घोषणा और कुर्की से संबंधित आदेश भी जारी किए गए थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए अभियुक्त लोनी गाजियाबाद, दिल्ली, हाथरस सहित अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने बदलकर रह रहा था।

जीआरपी के मुताबिक गिरफ्तार शाकिर खां शातिर किस्म का अपराधी है और चलती ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने की घटनाओं में शामिल रहा है। उसके खिलाफ जीआरपी के विभिन्न थानों में चोरी, मादक पदार्थ और अवैध शस्त्र से संबंधित पांच मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शाकिर खां पुत्र अनवर, निवासी नाई का नगला, बस स्टैंड के पीछे, मिल/गलीचा फैक्ट्री के पास, थाना कोतवाली हाथरस, जनपद हाथरस, उम्र करीब 45 वर्ष के रूप में हुई है।

जीआरपी कासगंज के अनुसार उसके खिलाफ थाना जीआरपी कासगंज में वर्ष 2013 के तीन मुकदमे तथा वर्ष 2014 का एक मुकदमा और थाना जीआरपी फर्रुखाबाद में वर्ष 2022 का एक मुकदमा दर्ज है। इनमें चोरी, चोरी का माल रखने, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।

अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, उपनिरीक्षक मो. नाजिर, कांस्टेबल विवेक कुमार और कांस्टेबल विशाल कुमार शामिल रहे।