सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं जनता की शिकायतें, सात का मौके पर निस्तारण

कासगंज। तहसील सदर कासगंज के सभागार में जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 32 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से सात शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक प्रार्थना पत्र का निस्तारण पूरी गुणवत्ता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस तथा विभिन्न सामाजिक कल्याण योजनाओं से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस शासन की महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे और उन्होंने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं। शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सहित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।