नेताजी सुभाष चंद्र बोस की पुण्यतिथि पर अधिवक्ताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि

कासगंज। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी विधि विभाग के चेयरमैन सत्येंद्र पाल सिंह बैस एडवोकेट के कार्यालय पर अधिवक्ता साथियों की ओर से गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान अधिवक्ताओं ने नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए सत्येंद्र पाल सिंह बैस ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी और ओजस्वी नेता थे। उन्होंने अंग्रेजों से देश को मुक्त कराने के लिए आजाद हिंद फौज का गठन किया और ?तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा? का प्रसिद्ध नारा दिया। स्वतंत्रता आंदोलन में नेताजी की महत्वपूर्ण भूमिका रही और देश की आजादी के लिए उन्होंने अपने जीवन के स्वर्णिम वर्षों का त्याग किया।

उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस हमेशा देश के युवाओं के लिए प्रेरणा के स्रोत रहेंगे। इतिहास के पन्नों में उनका नाम सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी को नेताजी के विचारों और देशप्रेम से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए, तभी देश आत्मनिर्भर और प्रगतिशील बनेगा।

इस अवसर पर कमल कुमार सिंह यादव, पंकज चतुर्वेदी, यशवीर सिंह यादव, अमित यादव, रोहित सक्सेना, मोहम्मद अयाज, राजीव कुमार यादव, अयोध्या प्रसाद, संदीप यादव, फिरोज खान, अमरुद्दीन खान, मोहम्मद यासीन, राहुल गुप्ता, नरेंद्र शर्मा, मुन्नालाल, शैलेंद्र कुमार, मोहम्मद तारिक अली सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।