जलते ट्रक में मिला था चालक का शव, अब खुला हत्या का राज: प्रेमिका निकली कातिल!


पीलीभीत। पूरनपुर में करीब एक महीने पहले हाईवे पर जलते ट्रक के केबिन में चालक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक चालक की प्रेमिका ने ही उसकी हत्या करने के बाद शव को ट्रक के केबिन में डालकर आग लगा दी थी। आरोपी महिला चालक से छुटकारा पाना चाहती थी और उसने वारदात को हादसे का रूप देने की कोशिश की।
जनपद रामपुर के थाना बिलासपुर क्षेत्र के गांव बड़ा बौसेना निवासी बलविंदर सिंह ट्रक चालक थे। बीती 10 जुलाई को वह रुद्रपुर, उत्तराखंड से सामान लेकर नेपाल बॉर्डर जा रहे थे। इसी दौरान पीलीभीत हाईवे पर हरदोई ब्रांच नहर पुल से आगे ट्रक के केबिन में उनका जला हुआ शव बरामद हुआ था। शुरुआत में पुलिस इसे सड़क हादसा मान रही थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बलविंदर सिंह की मौत धुएं में दम घुटने से होने की पुष्टि हुई। हालांकि परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई। परिजनों ने हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कराई, जिसमें ट्रक करीब तीन घंटे तक गायब रहने की बात सामने आई। इसके बाद उनका शक और गहरा गया।
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने करीब एक पखवाड़े पहले अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच की तो मामले की कड़ियां जुड़ती चली गईं।
जांच के आधार पर पुलिस ने अमनदीप कौर पत्नी सुखविंद्र सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसके मृतक बलविंदर सिंह से संबंध थे और वह उससे छुटकारा पाना चाहती थी। इसी के चलते उसने कथित रूप से बलविंदर की हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद शव को ट्रक के केबिन में रखा गया और घटना को हादसा दिखाने के लिए केबिन में डीजल डालकर आग लगा दी गई। पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की है।
पुलिस ने मंगलवार को आरोपी अमनदीप कौर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।