जमुनिया चौकी की कमान संभालते ही रियाज हैदर जैदी ने दिखाई सेवा भावना, खिचड़ी प्रसाद किया वितरित

पीलीभीत। थाना माधौटांडा क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था में हुए फेरबदल के बाद रियाज हैदर जैदी ने जमुनिया चौकी प्रभारी का कार्यभार संभाल लिया है। नई जिम्मेदारी मिलते ही उन्होंने पुलिस टीम के साथ सेवा भावना का परिचय देते हुए राहगीरों एवं स्थानीय लोगों को खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया।

चौकी प्रभारी रियाज हैदर जैदी के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा कार्य में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पुलिस की इस पहल को स्थानीय लोगों ने सराहा और इसे पुलिस के संवेदनशील एवं जनसेवा से जुड़े सकारात्मक स्वरूप के रूप में देखा। प्रसाद वितरण कार्यक्रम में हेड कांस्टेबल विपिन कुमार तथा सिपाही गुलशन कुमार, मनीष कुमार, रोहित मलिक, अनुज कुमार और अमन सिंह सहित जमुनिया चौकी के पुलिसकर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

उधर, माधौटांडा थाने में चंद्रपाल सिंह को महिला मिशन शक्ति प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मिशन शक्ति के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, जागरूकता और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

नई जिम्मेदारियां संभालने के बाद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन के साथ बेहतर समन्वय एवं विश्वास कायम करने का संकल्प दोहराया। जमुनिया चौकी पुलिस की यह पहल सेवा, संवेदनशीलता और जनसरोकार के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता का सकारात्मक संदेश देती है।