स्कूली वाहनों पर प्रशासन की सख्ती, तीन वाहन सीज और दो के चालान

पीलीभीत। मिशन सेफ फ्यूचर अभियान के तहत स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। मंगलवार को कोतवाली जहानाबाद क्षेत्र में पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने निजी स्कूलों में बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की।
चेकिंग के दौरान कई स्कूली वैन और बसों को रोककर उनके आवश्यक दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर तीन स्कूली वाहनों को सीज कर दिया गया, जबकि दो वाहनों के चालान किए गए। सीज किए गए वाहनों को जहानाबाद और अमरिया थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
जांच अधिकारी वर्डिस चतुर्वेदी ने बताया कि अभियान सुप्रीम कोर्ट और परिवहन विभाग के निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है। जांच के दौरान वाहनों की फिटनेस, बीमा, परमिट, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, स्पीड गवर्नर समेत अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई कि वे बच्चों को केवल मानक पूरे करने वाले और अधिकृत स्कूल वाहनों से ही स्कूल भेजें।
बरसात के मौसम को देखते हुए स्कूली वाहनों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों का पालन बच्चों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।