स्वतंत्रता दिवस पर भाकियू (टिकैत) ने किसान भवन में मनाया आजादी का पर्व, अधिकारों के लिए एकजुट रहने का किया आह्वान

पीलीभीत। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह गोगी के नेतृत्व में पीलीभीत मंडी समिति स्थित किसान भवन में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। जिलाध्यक्ष ने राष्ट्रध्वज फहराकर सभी किसानों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
ध्वजारोहण के बाद जिलाध्यक्ष गुरदीप सिंह गोगी ने किसानों को देश के प्रति ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश को आजाद हुए 80 वर्ष पूरे हो गए हैं, लेकिन आज भी किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य और उनके अधिकार पूरी तरह नहीं मिल पाए हैं।
उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। किसानों की मेहनत से देश का अन्न भंडार भरता है और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। इसके बावजूद किसान आज भी अपनी उपज के उचित मूल्य सहित कई समस्याओं से जूझ रहे हैं।
गुरदीप सिंह गोगी ने कहा कि किसानों के हक और अधिकारों की लड़ाई के लिए भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) लगातार आवाज उठाती रहेगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। उन्होंने किसानों से संगठन को मजबूत करने और अपने अधिकारों के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता एवं किसानों के हितों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।