आरपीएफ ने लौटाई यात्रियों की खोई खुशियां, ₹6.31 लाख से अधिक का सामान सुरक्षित पहुंचाया

फिरोजपुर। रेलवे सुरक्षा बल ने अपनी तत्परता, जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनशीलता का शानदार उदाहरण पेश करते हुए जुलाई 2026 में यात्रियों का ₹6.31 लाख से अधिक मूल्य का खोया हुआ सामान सुरक्षित वापस लौटाया। आरपीएफ की इस सराहनीय पहल से यात्रियों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई और रेलवे के प्रति उनका भरोसा और मजबूत हुआ।

फिरोजपुर मंडल में यात्रियों की सुरक्षा और सहायता को प्राथमिकता देते हुए आरपीएफ द्वारा लगातार प्रभावी अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में ?ऑपरेशन अमानत? के तहत जुलाई माह में कुल 49 मामलों में यात्रियों का खोया हुआ सामान बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुरक्षित रूप से सौंपा गया।

बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत ₹6,31,154 रही। इसमें लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैग, पर्स सहित यात्रियों की कई महत्वपूर्ण एवं उपयोगी वस्तुएं शामिल थीं। आरपीएफ जवानों की सतर्क निगरानी, त्वरित कार्रवाई और यात्रियों के साथ बेहतर समन्वय के चलते यह सामान सही हाथों तक पहुंच सका।

आरपीएफ की इस पहल ने एक बार फिर साबित किया है कि रेलवे सुरक्षा बल केवल यात्रियों की सुरक्षा ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय उनकी मदद और उनकी बहुमूल्य वस्तुओं की सुरक्षा के लिए भी पूरी जिम्मेदारी के साथ खड़ा है।

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि पाण्डेय ने कहा कि रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सहायता और खोए हुए सामान को उनके मालिकों तक पहुंचाने जैसे मानवीय अभियानों को आगे भी पूरी तत्परता के साथ जारी रखा जाएगा।

आरपीएफ की इस सराहनीय पहल से यात्रियों में सुरक्षा के साथ-साथ विश्वास की भावना भी और मजबूत हुई है।