फिरोजपुर मंडल में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

फिरोजपुर मंडल में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने फहराया तिरंगा, रेलवे सुरक्षा बल ने दी सलामी; देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के माहौल में धूमधाम से मनाया गया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी।

ध्वजारोहण से पूर्व राष्ट्रगीत ?वंदे मातरम्? का सामूहिक गायन किया गया, जबकि ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति से सराबोर हो उठा। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने मंडल रेल प्रबंधक को गार्ड ऑफ ऑनर दिया और तिरंगे को सलामी दी।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने सभी रेल अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में फिरोजपुर मंडल की विभिन्न उपलब्धियों और रेल सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की।

बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल

समारोह के दौरान स्काउट एवं गाइड तथा बाल निकेतन विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बाल निकेतन विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित रेल अधिकारियों और कर्मचारियों का मन मोह लिया।

इसके बाद मंडल की सांस्कृतिक टीम ने आजादी और देशभक्ति की भावना पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। गीत, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया।

मेधावी बच्चों को किया गया सम्मानित

समारोह के दौरान उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की ओर से बाल निकेतन विद्यालय में अध्ययनरत मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। इस पहल से बच्चों का उत्साह बढ़ाने के साथ उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।

पूरे समारोह के दौरान रेलवे परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का समापन मंडल कार्मिक अधिकारी बिजेन्द्र कुमार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। समारोह में मंडल के अधिकारी, कर्मचारी, रेलवे सुरक्षा बल के जवान, स्काउट एवं गाइड के सदस्य तथा बड़ी संख्या में उनके परिवारजन मौजूद रहे।