साहनेवाल से अनंतनाग के लिए पहली बार एफएमसीजी सामान की पीसमील वैगन लोडिंग, फिरोजपुर मंडल ने हासिल की बड़ी उपलब्धि

फिरोजपुर। माल ढुलाई को बढ़ावा देने की दिशा में फिरोजपुर मंडल ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल ने 8 अगस्त को साहनेवाल (पंजाब) से अनंतनाग (जम्मू-कश्मीर) के लिए पहली बार एफएमसीजी सामान की पीसमील वैगन लोडिंग कर सफलतापूर्वक रवाना किया। इस पहल से छोटे और मध्यम व्यापारियों को रेल के माध्यम से अपना माल भेजने की बेहतर सुविधा मिलेगी।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में फिरोजपुर मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट लगातार व्यापारियों और उद्योग जगत के संपर्क में है। मंडल की इस पहल का उद्देश्य सड़क मार्ग से होने वाले माल परिवहन को रेलवे की ओर आकर्षित करना और व्यापारियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेल परिवहन उपलब्ध कराना है।

भारतीय रेलवे की ओर से माल भाड़े में दी जा रही रियायतों और एक डिब्बे तक माल बुक कराने की सुविधा से व्यापारियों को काफी लाभ मिल रहा है। पीसमील यातायात व्यवस्था के माध्यम से छोटे और मध्यम व्यापारी भी अपने माल को समूह के रूप में एक स्थान से दूसरे स्थान तक भेज सकते हैं।

रेलवे के अनुसार, एफएमसीजी सामान की इस पहली पीसमील खेप से रेल माल ढुलाई को बढ़ावा मिलने के साथ मंडल के राजस्व में भी वृद्धि होने की उम्मीद है। साथ ही इससे व्यापारिक गतिविधियों और क्षेत्रीय आपूर्ति व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि यह पहल व्यापारियों के लिए रेल परिवहन को अधिक आकर्षक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे छोटे एवं मध्यम कारोबारियों को नई सुविधा मिलेगी और रेलवे के माल परिवहन कारोबार का विस्तार होगा।