रामदेवरा मेले की तैयारियों को लेकर डीआरएम ने पोकरण स्टेशन का लिया जायजा

जोधपुर। रामदेवरा मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने जैसलमेर दौरे के दौरान पोकरण रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर मेले के दौरान यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की संभावनाओं की समीक्षा की।

डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने की स्थिति में स्टेशन पर प्रवेश और निकास व्यवस्था, प्लेटफॉर्म पर भीड़ नियंत्रण तथा यात्रियों के सुगम आवागमन की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की संभावनाओं और परिचालन संबंधी तैयारियों की भी जानकारी ली।

विकास कार्यों का भी किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने पोकरण स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन नए फुट ओवरब्रिज का निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी ली तथा निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा स्टेशन पर प्रस्तावित नई लूप लाइन सहित अन्य रेल विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। डीआरएम ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन करने और कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर जोर

मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि रामदेवरा मेले के दौरान श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा तथा सुचारू रेल परिचालन रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। यात्रियों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पहले सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध हो सके।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने डीआरएम को यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्थाओं और निर्माणाधीन विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।