वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर जोधपुर वर्कशॉप में निकली भव्य तिरंगा रैली

जोधपुर। वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्मरण उत्सव एवं ?हर घर तिरंगा? अभियान के तहत जोधपुर रेलवे वर्कशॉप में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। मुख्य कारखाना प्रबंधक की अध्यक्षता में आयोजित इस रैली में करीब 150 अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रैली में रेलवे अधिकारी और कर्मचारी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए और देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। इस दौरान ?वंदे मातरम्? के जयघोष से पूरा वर्कशॉप परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। कर्मचारियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति समर्पण की भावना साफ दिखाई दी।

स्वतंत्रता आंदोलन में वंदे मातरम् के योगदान को किया याद

कार्यक्रम के दौरान मुख्य कारखाना प्रबंधक ने वंदे मातरम् के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान राष्ट्रीय चेतना जगाने में इसके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ?वंदे मातरम्? केवल एक गीत नहीं, बल्कि देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना का प्रतीक है।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करने का आह्वान किया।

तिरंगा रैली में रेलवे कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को भव्य और गरिमामय बना दिया। रैली के माध्यम से रेलवे वर्कशॉप परिसर से देशभक्ति, एकता और राष्ट्रप्रेम का मजबूत संदेश दिया गया।