राजेन्द्र सिंह चौधरी ने बीकानेर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक का संभाला पदभार

बीकानेर। बीकानेर रेल मंडल को अनुभवी और कुशल अधिकारी के रूप में नई प्रशासनिक ऊर्जा मिली है। शुक्रवार को राजेन्द्र सिंह चौधरी ने बीकानेर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक के पद पर विधिवत पदभार ग्रहण किया। उनके पदभार संभालने पर मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गर्मजोशी से स्वागत करते हुए सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

राजेन्द्र सिंह चौधरी भारतीय रेल विद्युत इंजीनियर सेवा के अधिकारी हैं। सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले चौधरी को रेलवे के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करने का व्यापक अनुभव है। इससे पूर्व उन्होंने समर्पित माल ढुलाई गलियारा निगम में मुख्य महाप्रबंधक के पद पर सेवाएं दी हैं। इसके अलावा वे जयपुर मंडल में निर्माण के उप मुख्य विद्युत इंजीनियर तथा वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।

चौधरी को रूपेश कुमार के स्थान पर अपर मंडल रेल प्रबंधक के पद पर नियुक्त किया गया है। रूपेश कुमार का स्थानांतरण दक्षिण पूर्व रेलवे संवर्ग में किया गया है।

पदभार ग्रहण करने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद करते हुए चौधरी ने मंडल में बेहतर कार्यप्रणाली, यात्री सुविधाओं को और मजबूत करने तथा रेलवे संचालन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में सकारात्मक प्रयासों को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई।

उनके व्यापक अनुभव और सरल कार्यशैली से बीकानेर मंडल में रेलवे सेवाओं और प्रशासनिक कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।