आरपीएफ की सतर्कता से महिला यात्री को मिला 3.25 लाख रुपये का सामान

जोधपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) जोधपुर की सतर्कता, सीसीटीवी निगरानी और त्वरित कार्रवाई से महिला यात्री का करीब 3.25 लाख रुपये मूल्य का सामान सुरक्षित बरामद कर उसे वापस सौंप दिया गया। जांच मशीन से बैग गायब होने की सूचना मिलते ही आरपीएफ कर्मियों ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर कुछ ही समय में बैग को बरामद कर लिया।

घटना 14 अगस्त को जोधपुर रेलवे स्टेशन की है। यात्री प्राची ट्रेन संख्या 22481 से जोधपुर से चूरू जाने के लिए स्टेशन पहुंची थीं। उन्होंने अपना बैग सामान जांच मशीन पर रखा था। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद बैग वहां नहीं मिला। परेशान यात्री ने तत्काल आरपीएफ पोस्ट पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण गौड़ को घटना की जानकारी दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हेड कांस्टेबल तेजपाल सिंह ने तुरंत स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक व्यक्ति महिला यात्री का बैग लेकर जाता दिखाई दिया। आरपीएफ टीम ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखते हुए पता लगाया कि वह प्लेटफॉर्म संख्या दो पर साबरमती जाने वाली ट्रेन के पीछे वाले सामान्य श्रेणी के कोच में सवार हो रहा है।

सूचना मिलते ही प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल मनोज कुमार को इसकी जानकारी दी गई। आरपीएफ स्टाफ ने तत्काल ट्रेन के सामान्य श्रेणी के कोच की जांच की और संबंधित व्यक्ति को बैग सहित पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि व्यक्ति ने भूलवश अपना बैग छोड़कर महिला यात्री का बैग उठा लिया था।

बैग में आभूषण, लैपटॉप, मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नकद और कंपनी के महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 3.25 लाख रुपये बताई गई। आरपीएफ ने सामान को सुरक्षित बरामद कर महिला यात्री को सौंप दिया।

यात्री ने आरपीएफ का जताया आभार

सामान वापस मिलने पर महिला यात्री ने आरपीएफ जोधपुर की त्वरित कार्रवाई, सीसीटीवी निगरानी और आपसी समन्वय की सराहना की। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण गौड़ सहित पूरी आरपीएफ टीम का आभार व्यक्त करते हुए लिखित प्रशंसा पत्र भी दिया।

आरपीएफ की इस तत्पर कार्रवाई से न केवल महिला यात्री को उसका कीमती सामान वापस मिला, बल्कि रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के प्रति आरपीएफ की सजगता भी सामने आई।