उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा समारोह

जयपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय, जगतपुरा में शनिवार को देशभक्ति और उत्साह से भरपूर समारोह आयोजित किया गया। महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह का शुभारंभ किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान से पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा।

महाप्रबंधक ने रेलवे सुरक्षा बल तथा स्काउट एवं गाइड की परेड का निरीक्षण किया। अपने संबोधन में उन्होंने रेलकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे की विकास योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से कर्तव्य के प्रति ईमानदारी, सजगता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने राष्ट्रमंडल खेल-2026 में कांस्य पदक जीतने वाले उत्तर पश्चिम रेलवे के रेलकर्मी यशवीर सिंह को बधाई दी और उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की।

समारोह में रेलकर्मियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। रेल रक्षक दल ने आपात परिस्थितियों में किए जाने वाले बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया, वहीं रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने डॉग शो के जरिए अपनी दक्षता दिखाई। महाप्रबंधक एवं अन्य अधिकारियों ने महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारियों के साथ तिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़कर स्वतंत्रता दिवस का उत्साह साझा किया।

कार्यक्रम में रेलवे के विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी, मान्यताप्राप्त यूनियनों एवं एसोसिएशनों के पदाधिकारी, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं तथा रेलकर्मियों के परिवारजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पुरस्कारों की घोषणा भी की गई।

पत्रिका गेट और जवाहर सर्किल पर गूंजा देशभक्ति का संगीत

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जयपुर के पत्रिका गेट और जवाहर सर्किल पर रेलवे सुरक्षा बल की ओर से विशेष बैंड शो आयोजित किया गया। जवानों ने देशभक्ति की धुनों और गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर लोगों में राष्ट्रप्रेम का जोश भर दिया। इसके साथ ही तिरंगा रैली भी निकाली गई।

समारोह का समापन राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान रेलवे परिसर से लेकर जयपुर की सड़कों तक स्वतंत्रता दिवस का उत्साह और देशभक्ति का जज्बा देखने को मिला।