जोधपुर रेल मंडल कार्यालय में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, डीआरएम बोले- देशसेवा की भावना से निभाएं अपना कर्तव्य

जोधपुर। युवाओं में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा की भावना को मजबूत करने तथा राष्ट्रभक्ति के अमर गीत ?वंदे मातरम्? के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, जोधपुर में देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान डीआरएम सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से ?वंदे मातरम्? का गायन किया। सामूहिक गायन के दौरान पूरा सभागार देशभक्ति के रंग में रंग गया और ?वंदे मातरम्?, ?भारत माता की जय? तथा ?जय हिंद? के नारों से गूंज उठा।

इस अवसर पर युवा दिवस एवं ?वंदे मातरम्? के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में भारत के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में युवाओं की भूमिका, राष्ट्रभक्ति और ?वंदे मातरम्? की ऐतिहासिक यात्रा को आकर्षक एवं प्रेरणादायी तरीके से प्रदर्शित किया गया। मंडल कार्यालय के करीब 300 अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

देशभक्ति केवल नारों तक सीमित न रहे : डीआरएम

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि ?वंदे मातरम्? केवल एक गीत नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, सम्मान, त्याग और राष्ट्रप्रेम की जीवंत अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हमारे दैनिक कर्तव्यों और कार्यशैली में भी दिखाई देनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारतीय रेल के प्रत्येक कर्मचारी द्वारा ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ किया गया कार्य राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से राष्ट्रहित, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, एकता और देशसेवा की भावना को आत्मसात करते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया।

क्विज प्रतियोगिता में रेलकर्मियों ने दिखाया उत्साह

युवा दिवस और ?वंदे मातरम्? के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रेल कर्मचारियों के लिए क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ?वंदे मातरम्?, राष्ट्रीय गीत और इससे जुड़े ऐतिहासिक एवं राष्ट्रभक्ति विषयों पर प्रश्न पूछे गए।

प्रतियोगिता में मानसिंह और इंद्रजीत फौजदार ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। जयकिशन और अनिल कुमार द्वितीय तथा अरुण कुमार और रवि कुमार तृतीय स्थान पर रहे। विजेता प्रतिभागियों को मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम ने रेलकर्मियों में राष्ट्रप्रेम, एकता और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को और मजबूत करने के साथ देशसेवा के संकल्प को भी नई ऊर्जा दी।