गांधी भवन में मंत्री नितिन अग्रवाल ने फहराया तिरंगा, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को किया सम्मानित, बोले- आजादी के लिए सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया

हरदोई। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार आबकारी एवं मद्यनिषेध विभाग नितिन अग्रवाल ने शनिवार को गांधी भवन परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। उन्होंने उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। इसके बाद महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
गांधी भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री नितिन अग्रवाल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनके अदम्य साहस और देशभक्ति के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में जीवन जी रहे हैं। उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। युवा पीढ़ी को उनके जीवन और संघर्ष से प्रेरणा लेकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान देना चाहिए। मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
नितिन अग्रवाल ने कहा कि अनेक भाषाओं, संस्कृतियों और भौगोलिक विविधताओं के बावजूद भारत एकता के सूत्र में बंधा हुआ है। उन्होंने देश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत लगातार प्रगति कर रहा है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के महान बलिदानियों को श्रद्धांजलि देते हुए सभी से राष्ट्रप्रेम और स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डीएम अनुनय झा, एसपी अशोक कुमार मीणा, सीडीओ नेहा व्याडवाल, नगर मजिस्ट्रेट संजय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, नगर पालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्र ?मधुर? सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।