स्वतंत्रता दिवस पर हरदोई में गांव-गांव पहुंचे कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी, बोले- आजादी के मूल्यों की रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी, लंबे संघर्ष और अनगिनत बलिदानों के बाद मिली देश को आजादी

हरदोई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने संडीला-हरदोई क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रमों में शामिल होकर देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ग्राम तेरवा पहलवान, भमरौली, गोनी, मुड़ियाखेड़ा, टांड़ और भरावन सहित कई स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता की।
ग्राम तेरवा पहलवान में ध्वजारोहण के बाद अंशू अवस्थी ने कहा कि देश को आजादी लंबे संघर्ष और अनगिनत बलिदानों के बाद मिली है। हमारे पूर्वजों ने कंधे से कंधा मिलाकर एकजुटता के साथ अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ लड़ाई लड़ी और देश को स्वतंत्र कराया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करने का दिन भी है।
अंशू अवस्थी ने कहा कि आजादी के बाद देश को संविधान मिला और नागरिकों को मौलिक अधिकारों के साथ अपनी बात रखने तथा सवाल पूछने की स्वतंत्रता मिली। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में नागरिकों की आवाज और अधिकारों का सम्मान बेहद जरूरी है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि आजादी के मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश की एकता और भाईचारा ही स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के सपनों को साकार करने का सबसे मजबूत माध्यम है। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीण, कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।