स्वच्छ सर्वेक्षण की पेंटिंग पर सपा नेता ने उठाए सवाल, रामज्ञान गुप्ता ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग, बोले- एक ही पेंटिंग पर वर्ष बदलकर हो रहा बजट का बंदरबांट

हरदोई। नगर पालिका परिषद हरदोई में स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के तहत दीवारों पर कराई जा रही पेंटिंग को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता एवं नगर पालिका अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी रामज्ञान गुप्ता ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
रामज्ञान गुप्ता का आरोप है कि नगर पालिका की ओर से दीवारों पर एक बार पेंटिंग कराने के बाद उसी पुरानी पेंटिंग में हर साल केवल वर्ष बदल दिया जाता है और नई पेंटिंग के नाम पर सरकारी बजट खर्च दिखाया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया में सरकारी धन के बंदरबांट की आशंका है।
सपा नेता ने कहा कि यदि लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो यह केवल वित्तीय अनियमितता का मामला नहीं, बल्कि स्वच्छ सर्वेक्षण की प्रक्रिया को भी प्रभावित करने वाला गंभीर विषय है। उनका आरोप है कि पुरानी पेंटिंग को नया स्वरूप दिखाकर कागजों में काम पूरा होने का दावा किया जा रहा है, जबकि धरातल पर अपेक्षित कार्य नहीं हो रहा।
उन्होंने शासन और प्रशासन से मांग की कि स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के तहत कराई गई पेंटिंग के कार्य, स्वीकृत बजट, भुगतान और संबंधित अभिलेखों की जांच कराई जाए। साथ ही पूर्व वर्षों में इसी मद में हुए खर्च का भी ऑडिट कराया जाए।
रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि जांच में यदि सरकारी धन के दुरुपयोग या अनियमितता की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।