हरदोई में हर्षोल्लास से मना स्वतंत्रता दिवस, कलेक्ट्रेट से पुलिस लाइन तक गूंजा देशभक्ति का संदेश, ध्वजारोहण कर दिलाई गई राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं कर्तव्यनिष्ठा की शपथ

हरदोई। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी अनुनय झा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इसके बाद सभी को मिष्ठान वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने की शपथ ली। एसपी ने सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिसकर्मियों को मिष्ठान वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी गई।
पुलिस कार्यालय में भी एसपी अशोक कुमार मीणा एवं अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने ध्वजारोहण किया। यहां उपस्थित पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता और अखंडता की शपथ दिलाई गई तथा मिष्ठान वितरित किया गया।
इसके बाद सुबह 9:30 बजे गांधी भवन में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, विद्यालयों और थानों में भी ध्वजारोहण किया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प लिया। जगह-जगह मिष्ठान वितरण कर लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। पूरे जिले में देशभक्ति का माहौल बना हुआ हैं।