जम्मू मंडल में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, मंडल रेल प्रबंधक ने किया ध्वजारोहण

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जम्मू ऑफिसर्स क्लब में आयोजित समारोह में मंडल रेल प्रबंधक ने प्रातः 9:30 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी।

ध्वजारोहण से पूर्व राष्ट्रगीत तथा ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ। इस दौरान रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आए। पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा।

समारोह में रेल कर्मचारियों के बच्चों ने देशभक्ति गीतों और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की खुशियों को और बढ़ा दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों में उत्साह और देशप्रेम की भावना का संचार किया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेल कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे का प्रत्येक कर्मचारी अपनी ड्यूटी को प्राथमिकता देकर राष्ट्र सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ने जम्मू मंडल की विभिन्न विकास परियोजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मंडल निरंतर यात्री सुविधाओं, रेल परिचालन और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जम्मू मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों और कार्यालयों को तिरंगे की रोशनी तथा रंग-बिरंगे गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। रेलवे परिसर में ?भारत माता की जय? और ?वंदे मातरम्? के नारों से देशभक्ति का माहौल बना रहा।

समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक, सीनियर डीईएन शुभम पवार,वरिष्ठ मंडल अधिकारी, शाखा अधिकारी, रेल कर्मचारी एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने जम्मू मंडल में राष्ट्रीय गौरव, एकता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया।